PM Surya Ghar Free Electricity Scheme : सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया. शिविर में लोगों को सोलर प्लांट पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी, आसान ऋण सुविधा और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही आवेदन भी जमा किए.
मढ़ौरा प्रखंड में लगा विशेष शिविर
मढ़ौरा प्रखंड सभागार में शुक्रवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में एक दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की.
78 हजार रुपये तक की मिलेगी सब्सिडी
शिविर में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत 2 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर प्लांट पर 60 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है. वहीं 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है.
आसान ऋण सुविधा की भी जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार स्थानीय बैंक शाखाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को आसान किस्तों और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है.
विशेषज्ञों ने समझाए योजना के फायदे
फार्मोनिक्स ग्रुप्स के प्रतिनिधियों ने शिविर में मौजूद लोगों को योजना के उद्देश्य, आवेदन प्रक्रिया और सोलर प्लांट लगाने से होने वाले आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों की विस्तार से जानकारी दी. लोगों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया.
कई अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता नीतीश कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार, देवेश रौशन, बिजली विभाग के कर्मी अखिलेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
Also Read : तरैया: इको क्लब के छात्रों ने सरकारी परिसरों में किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
