Saran News: सारण जिले के पानापुर प्रखंड के पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय सतजोड़ा में नामांकित वर्ग छह से आठ तक के बच्चों ने शुक्रवार को पहली बार मध्याह्न भोजन (MDM) का स्वाद चखा. इस अवसर पर बच्चों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आनंद पांडेय, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सह बीईओ धीरेंद्र प्रसाद, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजय कुमार, एमडीएम प्रखंड साधनसेवी चंदेश्वर प्रसाद, प्रमुख प्रतिनिधि मोनू सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार तिवारी सहित कई शिक्षकों व अधिकारियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया.
16 महीने से बंद थी एमडीएम की सुविधा
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025-26 में इस विद्यालय का चयन 'पीएमश्री विद्यालय' के रूप में हुआ था. इसके बाद निकटवर्ती उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगडीहा में नामांकित कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों का समायोजन इस विद्यालय में कर दिया गया था. अप्रैल 2025 से बच्चों का पठन-पाठन तो शुरू हो गया था, लेकिन बर्तन की अनुपलब्धता और रसोइयों की बहाली न होने के कारण बच्चों को दोपहर का भोजन नहीं मिल पा रहा था.
मेन्यू के अनुसार मिलेगा नियमित भोजन
विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार तिवारी ने बताया कि विभाग की विशेष पहल से रसोइयों की बहाली प्रक्रिया पूरी कर शुक्रवार से एमडीएम सेवा विधिवत शुरू कर दी गई है. अब बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन ताजा भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. लगभग 16 महीने के लंबे इंतजार के बाद स्कूल में भोजन मिलने से बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी.
इस अवसर पर परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार सिंह, उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय रसौली के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार राम, बीआरसी के डाटा एंट्री ऑपरेटर फैज अनवर, समन्वयक अफसर अली खान, रमेश कुमार सिंह, सुरेश कुमार यादव, सुरेंद्र सिंह सहित कई शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
