प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के चेयरमैन, नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर हुई अहम चर्चा

अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के चेयरमैन रवि कांत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पुस्तक भेंट की और ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की.

परसा: अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, मस्तीचक के एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन रवि कांत ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने अपनी पुस्तक “Leading From The Back” प्रधानमंत्री को भेंट की और देश में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अखंड ज्योति द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की.

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नेत्र चिकित्सा पर दिया गया जोर

मुलाकात के दौरान रवि कांत ने ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया. उन्होंने बताया कि अखंड ज्योति का उद्देश्य ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है, जहां आर्थिक स्थिति किसी भी व्यक्ति के उपचार में बाधा न बने. संस्था लंबे समय से किफायती और सुलभ नेत्र सेवाएं, मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों का उपचार, जागरूकता अभियान और सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लोगों को लाभ पहुंचा रही है.

तकनीक आधारित नेत्र चिकित्सा और भविष्य की योजनाओं पर मंथन

प्रधानमंत्री के साथ हुई चर्चा में तकनीक आधारित नेत्र चिकित्सा को बढ़ावा देने, ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक दृष्टि संरक्षण सेवाएं पहुंचाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. अखंड ज्योति ने कहा कि संस्था का संकल्प है कि "कोई भी व्यक्ति केवल उपचार के अभाव में अपनी दृष्टि से वंचित न रहे." इसी उद्देश्य के साथ अस्पताल सेवा, नवाचार और जनकल्याण को केंद्र में रखकर कार्य कर रहा है.

सहयोगियों का जताया आभार

संस्था ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग से यह मिशन आगे बढ़ रहा है. आने वाले समय में नेत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में और व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md Yusuf

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >