Saran News: सावन की प्रथम सोमवारी एवं राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर दधीचि देहदान समिति, छपरा इकाई की ओर से सेंट जोसेफ स्कूल, नेवाजी टोला में अंगदान एवं नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में चिकित्सकों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया.
मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है अंगदान : डॉ हरेंद्र सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समिति के संरक्षक एवं शिक्षाविद डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूक होकर मानवता की सेवा के इस महान अभियान से जुड़ना चाहिए. उन्होंने दधीचि देहदान समिति के प्रयासों का समर्थन करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की.
कॉर्निया दान से किसी के जीवन में लौट सकती है रोशनी : डॉ शशिकांत पाराशर
विशिष्ट अतिथि डॉ. शशिकांत पाराशर ने कहा कि कॉर्निया दान के माध्यम से किसी नेत्रहीन व्यक्ति के जीवन में उजाला लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में आगे आना चाहिए.
महर्षि दधीचि के त्याग का संदेश समाज के लिए प्रेरणादायी : इंजीनियर ललित सिंह
समिति के संरक्षक एवं उद्यमी समाजसेवी इंजीनियर ललित सिंह ने कहा कि महर्षि दधीचि ने त्याग और लोककल्याण का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि की तपोभूमि सारण की धरती रही है और यह हम सभी के लिए गौरव की बात है. उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है.
बिहार को कॉर्निया अंधत्व मुक्त बनाने का लक्ष्य
डॉ. आनंद राज ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जितनी अधिक जागरूकता फैलेगी, उतने अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर मानवता की सेवा करेंगे. समिति के जिला अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि दधीचि देहदान समिति का उद्देश्य महर्षि दधीचि के त्याग और सेवा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना तथा बिहार को कॉर्निया अंधत्व से मुक्त बनाने के अभियान को गति देना है. संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पुरी ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है.
विद्यालय प्रबंधन ने दिया पूरा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेंट जोसेफ स्कूल के प्रबंधक अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और जनहित के कार्यक्रमों में अपना सहयोग देता रहेगा. विद्यालय की प्राचार्या रौशनी सिंह ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई.
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सरिता, अभिषेक सिंह, एबीवीपी नगर मंत्री अर्पित सिंह, अमित सिंह, संयुक्त सचिव शैलेन्द्र पुरी, आमोद सहाय, प्रवीण ओबरॉय, डाबर, ओमप्रकाश आजाद, प्रिंस कुमार, भारती यादव तथा मीडिया प्रतिनिधि आनंद वर्मा, पूजा वर्मा और अनिमेष सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: 1995 से बीजेपी का अभेद्य किला है बांकीपुर, जानिए 1957 से लेकर अब तक कौन-कौन बना विधायक
