सारण: जयप्रकाश विश्वविद्यालय PG में दूसरी मेधा सूची जारी, 12 से 16 सितंबर तक होगा नामांकन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने पीजी सत्र 2026-28 के लिए दूसरी मेधा सूची जारी कर दी है। छात्र 12 से 16 सितंबर तक अपना नामांकन करा सकते हैं।

Saran News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत छपरा, सीवान और गोपालगंज के पीजी कॉलेजों समेत विश्वविद्यालय के 17 पीजी विभागों में सत्र 2026-28 के नामांकन के लिए दूसरी मेधा सूची जारी कर दी गयी है. सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर अपलोड की गयी है. दूसरी मेधा सूची में चयनित छात्र-छात्राएं 12 से 16 सितंबर तक निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन करा सकेंगे.

मेधा सूची और अलॉटमेंट लेटर करना होगा डाउनलोड

नामांकन के लिए छात्रों को सबसे पहले विश्वविद्यालय के पोर्टल से मेधा सूची और अलॉटमेंट लेटर की कॉपी डाउनलोड करनी होगी. इसके बाद ऑनलाइन नामांकन शुल्क जमा करना होगा. शुल्क जमा करने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग में नामांकन फॉर्म का सत्यापन कराना होगा. सत्यापन के बाद कॉलेज काउंटर पर नामांकन फॉर्म स्वीकृत किया जायेगा.

छात्रों की सुविधा के लिए कॉलेजों में हेल्प डेस्क भी बनाया गया है. यहां से नामांकन प्रक्रिया, शुल्क और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है. कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर भी नामांकन से संबंधित सूचना जारी कर दी गयी है.

सीबीसीएस पाठ्यक्रम के तहत होगी पढ़ाई

नामांकित छात्रों की पढ़ाई च्वायस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) पाठ्यक्रम के आधार पर होगी. इसके तहत छात्र मुख्य विषय के साथ दूसरे स्ट्रीम के पसंदीदा विषयों का विकल्प भी चुन सकते हैं. इससे छात्रों को अपनी रुचि और करियर के अनुसार अलग-अलग विषयों की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा. जेपीयू में पीजी स्तर पर वर्ष 2018 से सीबीसीएस पाठ्यक्रम लागू है.

इतिहास, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान में अधिक सीटें

विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कला संकाय में इतिहास, राजनीति विज्ञान और मनोविज्ञान जैसे विषयों में अपेक्षाकृत अधिक सीटें उपलब्ध हैं. वहीं विज्ञान संकाय में भौतिकी, गणित और जूलॉजी में पर्याप्त सीटें हैं. हालांकि कला और विज्ञान संकाय के कई विषयों में सीटें कम होने के कारण नामांकन के लिए प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है.

इन विषयों में होगा पीजी नामांकन

जेपीयू के पीजी विभागों में भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, जूलॉजी, बॉटनी, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, इतिहास, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, वाणिज्य और गृह विज्ञान में नामांकन लिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >