Saran News: छपरा-सीवान मुख्य मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-531 (NH-531) पर शनिवार की देर शाम एक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है. रसूलपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर चट्टी स्थित धर्मकांटा और एक ढाबा के समीप अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक ठेला चालक की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ठेले के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
घर लौटने के दौरान हुआ हादसा, चालक वाहन लेकर फरार
मृतक की पहचान रसूलपुर थाना क्षेत्र के चड़वां गांव निवासी स्वर्गीय हरि साह के 28 वर्षीय पुत्र जितेंद्र साह के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जितेंद्र रोजाना की तरह एकमा बाजार से अपना ठेला चलाकर अपने घर चड़वां की ओर वापस लौट रहा था. इसी दौरान सीवान की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ठेले में सामने से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद आरोपी चालक मौके का फायदा उठाकर अपने वाहन सहित फरार होने में सफल रहा.
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मातम
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान ठेला चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एकमा पहुंचाया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. बताया जाता है कि मृतक जितेंद्र अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था, जिसके पीछे उसकी वृद्ध मां, पत्नी और एक छोटी पुत्री है. इस हादसे के बाद से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. रसूलपुर थाना पुलिस के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास तथा हाईवे पर स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इस संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: सारण: पानापुर में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का हुआ शुभारंभ
