सारण: 15 साल का इंतजार होगा खत्म, ब्रह्मपुर से बिशुनपुरा तक सड़क निर्माण जल्द शुरू

सारण के लोगों के लिए अच्छी खबर है। 15 साल से इंतजार की जा रही NH-19 के 13.4 किमी सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। 89.95 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क शहरवासियों के लिए बड़ी राहत लाएगी।

Saran News: छपरा नगर क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए मुख्य सड़क के मामले में अब अच्छे दिन आने वाले हैं. पूर्व मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत पुराने एनएच-19 के 13.4 किलोमीटर सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का मार्ग प्रशस्त हो गया है. राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के अनुसार टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है. मौसम ने थोड़ा साथ दिया तो 20 दिन के अंदर सड़क निर्माण का काम धरातल पर शुरू हो जाएगा. ऐसे में करीब 15 साल से इस सड़क के निर्माण का इंतजार कर रहे शहर वासियों की मुरादें पूरी हो जाएंगी. यह सड़क 2014 के पहले एक बार बनी थी और उसके बाद से गड्ढों में सिर्फ चिप्पी लगाकर काम चलाया जा रहा था.

करोड़ों की मिली है स्वीकृति

मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान स्थानीय अधिकारियों ने बस स्टैंड तक 13.4 किमी सड़क की चौड़ीकरण को लेकर प्रस्ताव रखा था, जिसे 72 घंटे के अंदर प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई थी. इस पूरी परियोजना पर 89.95 करोड़ रुपए की लागत आंकी गयी है. इसके तहत सड़क की चौड़ाई दोनों ओर 1.5 मीटर बढ़ाकर कुल तीन मीटर की वृद्धि की जानी है. इस परियोजना में 600 मीटर हिस्से को पूरी तरह फोरलेन बनाया जायेगा. इसके साथ ही जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए आरसीसी ड्रेनेज का भी निर्माण किया जाना सुनिश्चित हुआ है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की सूचना से लोगों में खुशी की लहर है.

वर्तमान स्थिति बनी है खतरनाक

नगर निगम क्षेत्र के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर काशी बाजार चौक पुलिया के पास क्षतिग्रस्त गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा बने हुए हैं. जर्जर सड़क के कारण रोजाना वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. भारी बारिश के बीच दो दिनों के अंदर ही 05 वाहन पलट गए, जिसमें चालक समेत कई यात्री घायल हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार एक महीने के अंदर 20 से अधिक वाहन पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं. इस पुराने हाईवे पर जगह-जगह से रोड क्षतिग्रस्त है और बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं. इस मार्ग से प्रतिदिन 1.5 लाख से अधिक लोग और 10 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं, जिन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

अन्य सड़कों के निर्माण की मांग

छपरा शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए इनई से निचला रोड को चौड़ा करते हुए निर्माण कराए जाने का भी निर्णय हुआ था, लेकिन रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट (आरसीडी) अभी तक इसका टेंडर नहीं कर पाया है. इसके अलावा साहिबगंज चौक से सरकारी बाजार होते हुए मेवा लाल चौक तक की सड़क का निर्माण भी आरसीडी के हवाले था, जो अब तक लंबित है. स्थानीय व्यवसायियों और प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि सड़क के दोनों किनारे 200 से अधिक दुकानें हैं और यह मार्ग 05 से अधिक जिलों को जोड़ता है. इसलिए मुख्य हाईवे के साथ-साथ इन संपर्क मार्गों को भी जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाना बेहद जरूरी है.

अधिकारियों ने दिया बड़ा बयान

आरसीडी छपरा के कार्यपालक अभियंता अनुज कुमार ने बताया कि अगले 2 से 3 दिन में वर्क ऑर्डर जारी करने और अन्य आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. यदि बारिश एक-दो दिन के लिए रुक जाती है तो मौके पर तुरंत काम शुरू करा दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निश्चित है कि 20 दिन के अंदर हर हाल में सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा. विभाग पूरी गुणवत्ता के साथ इस सड़क का निर्माण कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि शहर के लोगों को जलजमाव और जानलेवा गड्ढों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल सके और यातायात सुचारु रूप से चल सके.

Also Read: सारण: एसएसपी के निर्देश पर परसा के सभी बैंकों में सघन चेकिंग, संदिग्धों पर पुलिस की कड़ी नजर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay Bhardawaj

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >