Saran News: सारण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकान से 155 ग्राम गांजा बरामद किया है. मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मुफ्फसिल थाना पुलिस को सूचना मिली कि शक्तिनगर स्थित सनी किराना एवं जनरल स्टोर में अवैध गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है.
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने सदर-1 अंचलाधिकारी की मौजूदगी में दुकान पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान दुकान से 155 ग्राम गांजा बरामद किया गया.
आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के दहियांवा टोला टाड़ी निवासी रामप्रसन्न सिंह के पुत्र मनोज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 534/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
विशेष अभियान जारी
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. छापेमारी अभियान में मुफ्फसिल थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे.
Also Read : हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन
