Saran e-PoS Server Ration Distribution : सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड में अगस्त महीने के राशन वितरण के दौरान ई-पॉस मशीन का सर्वर लगातार बाधित रहने से खाद्यान्न वितरण प्रभावित हो गया है. प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों को राशन लेने के लिए दुकानों पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है.
घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिल रहा राशन
ई-पॉस मशीन के काम नहीं करने और सर्वर फेल होने से कार्डधारियों को घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है. इसके साथ ही राशन कार्ड से नाम कटने की आशंका और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर भी लोगों में असमंजस बना हुआ है. इससे उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ गई है.
सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
डीलरों को झेलनी पड़ रही लोगों की नाराजगी
राशन नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ता अपनी नाराजगी पीडीएस दुकानदारों पर जाहिर कर रहे हैं. जबकि डीलरों का कहना है कि सर्वर की तकनीकी समस्या उनके नियंत्रण से बाहर है. इसके बावजूद उन्हें लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है.
पीडीएस डीलरों ने बताई अपनी परेशानी
स्थानीय पीडीएस डीलर कामेश्वर पांडे, लालबाबू यादव, लक्ष्मी राय और नागेश्वर सिंह सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि सर्वर की खराबी के कारण नियमित रूप से राशन वितरण नहीं हो पा रहा है. उनका कहना है कि तकनीकी समस्या का समाधान विभागीय स्तर पर ही संभव है.
विभाग की ओर से नहीं मिली स्पष्ट जानकारी
डीलरों के अनुसार अब तक संबंधित विभाग की ओर से सर्वर सामान्य होने या समस्या दूर होने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. इससे राशन वितरण कब तक सामान्य होगा, इसे लेकर लाभार्थियों और दुकानदारों दोनों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
Also Read : पिछले साल मिला था कांस्य, इस बार सारण ने बक्सर को हराकर जीती बिहार जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप
