CM Self-Help Allowance Scheme : सारण के मढ़ौरा प्रखंड सभागार में गुरुवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई. अनुमंडल सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रंजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के क्रियान्वयन और आवेदनों की समीक्षा की गई.
हर आवेदन का होगा जमीनी सत्यापन
बैठक में सभी विकास मित्रों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन करें. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों के साथ-साथ आवेदकों की वास्तविक स्थिति का भी मिलान किया जाएगा, ताकि पात्र और अपात्र आवेदनों की सही पहचान हो सके.
सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
फर्जी और अपात्र आवेदनों पर रहेगी सख्त नजर
अधिकारियों ने कहा कि सत्यापन के दौरान अपात्र और फर्जी आवेदनों को चिन्हित कर अलग किया जाएगा. इससे योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और सरकारी सहायता केवल वास्तविक एवं योग्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं तक पहुंचेगी.
योजना का उद्देश्य युवाओं को आर्थिक संबल देना
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार की तलाश के दौरान आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. अधिकारियों ने बताया कि भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया तेज की जाएगी.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रखंड कार्यालय के प्रधान सहायक मोहम्मद समीउल्लाह, नगर पंचायत मढ़ौरा के कॉर्डिनेटर अर्जुन कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे. सभी को निर्धारित समयसीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.
Also Read : सारण में ई-पॉस सर्वर ठप, राशन लेने पहुंचे लोग खाली हाथ लौटे, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिला राशन
