सरकार के निर्देश पर भूमिहीन परिवारों को बसाने की कवायद तेज हो गयी है. इसी क्रम में मकेर अंचलाधिकारी निर्मला कुमारी ने कस्बा मकेर पंचायत के आठ भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराते हुए बासगीत पर्चा सौंपा. जमीन का पर्चा मिलते ही लाभुक परिवारों के चेहरे पर खुशी लौट आयी.
सभी लाभुक कस्बा मकेर पंचायत के पश्चिम ठहरा गांव के निवासी हैं. पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने अंचलाधिकारी निर्मला कुमारी और बिहार सरकार के प्रति आभार जताया.
इन आठ परिवारों को मिला जमीन का पर्चा
पर्चा पाने वाले लाभुकों में रुपवरी देवी पति जयकिशुन राउत, प्रभावती देवी पति जगत नारायण राउत, उमरावती देवी पति जयलाल राउत, भुक्ला कुंअर पति बालेश्वर राउत, अनिता देवी पति बाल्मिकी राउत, सीमा देवी पति दिलीप राउत, कमलावती देवी पति अशरफ राउत और रजनी देवी पति दीपक राउत शामिल हैं.
वर्षों से भूमिहीन थे लाभुक परिवार
पर्चा मिलने के बाद ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से भूमिहीन होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. रहने के लिए अपनी जमीन नहीं होने के कारण कई तरह की समस्याएं थीं. अब जमीन का पर्चा मिलने से वे अपना घर बना सकेंगे.
लाभुक परिवारों ने इसे अपने लिए बड़ी राहत बताते हुए अंचलाधिकारी और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया.
प्रत्येक भूमिहीन परिवार को तीन डिसमिल जमीन
अंचलाधिकारी निर्मला कुमारी ने बताया कि प्रत्येक भूमिहीन परिवार को तीन-तीन डिसमिल जमीन का पट्टा दिया गया है. सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार भूमिहीन न रहे.
उन्होंने बताया कि अभियान चलाकर वैसे परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है, जिनके पास अपनी जमीन नहीं है. चिह्नित परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे जमीन मिलने के बाद अपना आशियाना बना सकें.
