JPU PG Admission 2026-28: आवेदन सत्यापन शुरू, 27 या 28 जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में पीजी सत्र 2026-28 के लिए आवेदन सत्यापन का कार्य शुरू हो गया है. पहली मेरिट लिस्ट 27 या 28 जुलाई को जारी की जाएगी. इस सत्र से नया रेगुलेशन लागू होने के साथ-साथ छात्राओं को घर के नजदीक कॉलेज आवंटित किए जाएंगे.

JPU PG Admission 2026-28: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) में पीजी सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी आवेदन पत्रों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) शुरू हो गया है. विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट 27 या 28 जुलाई तक जारी कर दी जाएगी.

21 जुलाई से शुरू हुआ आवेदन का वेरिफिकेशन

डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि पीजी नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 जुलाई को समाप्त हो चुकी है. इसके बाद 21 जुलाई से सभी आवेदन पत्रों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है.

उन्होंने कहा कि वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले सप्ताह 27 या 28 जुलाई तक पहली मेरिट लिस्ट प्रकाशित कर दी जाएगी.

इस सत्र से लागू हुआ नया रेगुलेशन

विश्वविद्यालय ने इस सत्र से पीजी नामांकन में नया रेगुलेशन लागू किया है. इसके तहत छात्र-छात्राएं स्नातक में जिस विषय से ऑनर्स किए हैं, उसके साथ-साथ स्नातक के सब्सिडियरी विषय को भी पीजी में नामांकन के लिए मूल विषय के रूप में चुन सकते हैं.

विश्वविद्यालय ने बताया कि इस नए नियम की जानकारी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों को दे दी गई थी. इसी रेगुलेशन के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी.

छात्राओं को घर के नजदीक मिलेगा कॉलेज

इस बार विश्वविद्यालय ने छात्राओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया है कि मेरिट लिस्ट तैयार करते समय उन्हें उनके घर के नजदीक स्थित कॉलेज आवंटित किए जाएं.

पिछले सत्रों में कई छात्राओं को 20 से 25 किलोमीटर दूर स्थित कॉलेज आवंटित कर दिए गए थे. वहीं सीवान और गोपालगंज की कई छात्राओं को छपरा स्थित पीजी विभाग तथा छपरा की छात्राओं को सीवान और गोपालगंज के कॉलेज आवंटित किए गए थे, जिससे उन्हें नियमित कक्षाओं में शामिल होने में परेशानी हुई थी.

विश्वविद्यालय ने इस बार ऐसी स्थिति से बचने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को विशेष गाइडलाइन जारी की है.

सीबीसीएस प्रणाली के तहत होगी पढ़ाई

पीजी में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) के तहत होगी.

इस प्रणाली में छात्र-छात्राओं को मुख्य विषय (Core Course) के अलावा अन्य विषयों का चयन करने की भी सुविधा मिलेगी. यदि किसी छात्र को नामांकन के बाद लगे कि चुना गया अतिरिक्त विषय उसके लिए उपयुक्त नहीं है, तो वह दूसरे स्ट्रीम के विषय को भी विकल्प के रूप में चुन सकेगा.

विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को बहुविषयक अध्ययन (Multidisciplinary Learning) का लाभ मिलेगा और उनके करियर के लिए नए अवसर खुलेंगे.

इन विषयों में होगा पीजी नामांकन

जेपीयू के अंतर्गत निम्नलिखित विषयों में पीजी सत्र 2026-28 के लिए मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी—

  • भौतिकी
  • रसायन शास्त्र
  • गणित
  • जूलॉजी
  • बॉटनी
  • हिंदी
  • अंग्रेजी
  • संस्कृत
  • उर्दू
  • इतिहास
  • अर्थशास्त्र
  • मनोविज्ञान
  • दर्शनशास्त्र
  • राजनीति विज्ञान
  • भूगोल
  • वाणिज्य
  • गृह विज्ञान

Also Read: बिहार विधानसभा में आज पेश होंगे 7 विधेयक, दाखिल-खारिज, सेवा कर समेत ये हैं शामिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat kiran himanshu

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >