सारण में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते होमगार्ड अनुदेशक परीक्षा का अभ्यर्थी गिरफ्तार, 2 सहयोगी भी पकड़े गये

सारण के जगलाल राय कॉलेज परीक्षा केंद्र पर होमगार्ड अनुदेशक की लिखित परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते अभ्यर्थी को पकड़ा गया. अवैध सहायता देने वाले दो युवक भी गिरफ्तार किये गये.

Saran News: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना की ओर से आयोजित गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद की लिखित परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते एक अभ्यर्थी को पकड़ा गया. परीक्षा में अभ्यर्थी को अवैध तरीके से सहायता पहुंचाने वाले दो युवकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तीनों के खिलाफ नगर थाना में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

वीक्षक की नजर पड़ी तो ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी

एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि बुधवार को सारण जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक के पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही थी. परीक्षा में कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था.

इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र के जगलाल राय कॉलेज, रउजा, छपरा परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान वीक्षक ने एक अभ्यर्थी को प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से कदाचार करते हुए पकड़ लिया. पकड़े गये अभ्यर्थी की पहचान वैशाली जिले के बलीगांव निवासी राज कुमार के रूप में हुई.

जांच में सामने आयी बाहर से अवैध सहायता मिलने की बात

प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अवैध तरीके से सहायता प्राप्त कर रहा था. इसके बाद केंद्राधीक्षक एवं प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट की ओर से की गयी जांच में दो अन्य युवकों की भी संलिप्तता सामने आयी. दोनों युवक परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी को बाहर से अवैध सहायता पहुंचाने में कथित रूप से शामिल थे.

मामले की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परीक्षा केंद्र से जुड़े मामले में अभ्यर्थी समेत तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

तीनों के खिलाफ बीएनएस के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली जिले के बलीगांव निवासी राज कुमार, पातेपुर निवासी सुरविन्द्र कुमार और अमित कुमार शामिल हैं. तीनों के खिलाफ नगर थाना में बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और परीक्षा में अवैध तरीके से सहायता पहुंचाने के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है.

परीक्षा में कदाचार करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाये रखने के लिए कदाचार करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता, धोखाधड़ी अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >