Har Ghar Tiranga Abhiyan: ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत जिला स्कूल, छपरा में ऑनलाइन क्विज, पेंटिंग, निबंध लेखन एवं समूह गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था. प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी ज्ञान, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
ऑनलाइन क्विज में सौरभ कुमार सिंह रहे प्रथम
ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय पचरौर के सौरभ कुमार सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. बी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रीतम राज द्वितीय और श्री अवध बिहारी उच्च माध्यमिक विद्यालय चैनपुर के अक्षय कुमार तृतीय स्थान पर रहे.
निबंध प्रतियोगिता में अंजली कुमारी अव्वल
निबंध लेखन प्रतियोगिता में पीएम श्री उच्च विद्यालय अमनौर की अंजली कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया. उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेलौर, पानापुर के राजीव कुमार द्वितीय और बी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, छपरा की रुचि कुमारी तृतीय रहीं.
पेंटिंग में सुनाली कुमारी ने मारी बाजी
पेंटिंग प्रतियोगिता में पीएम श्री उच्च विद्यालय अमनौर की सुनाली कुमारी प्रथम रहीं. जिला स्कूल नवस्थापित, छपरा की रेशमी कुमारी को दूसरा और उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय पचौर, छपरा की मनीषा कुमारी को तीसरा स्थान मिला.
समूह गायन में बी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रथम
समूह गायन प्रतियोगिता में बी सेमिनरी उच्च माध्यमिक विद्यालय ने प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं आदर्श मध्य सह उत्क्रमित विद्यालय, पानापुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
निर्णायक मंडल ने निभायी महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन और परिणाम निर्धारण में निर्णायक मंडल के सदस्यों नसीम अख्तर, विष्णु कुमार, शिवम आनंद, अमृता गुप्ता, नसीमुल हक, बलवंत कुमार, सौरभ कुमार प्रसाद, रविंद्र कुमार वर्मा एवं अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
शिक्षा विभाग, सारण की ओर से डॉ. अजय कुमार की भूमिका भी सराहनीय रही. उन्होंने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की. उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों के विद्यालयों को उनके प्रदर्शन और परिणाम के संबंध में अग्रिम कार्रवाई के लिए आवश्यक सूचना उपलब्ध करायी जायेगी.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
