school going children: अख्तियारपुर चौक से मकिमपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर अख्तियारपुर तीनमुहानी के समीप कई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. आए दिन दोपहिया वाहन चालक और राहगीर गड्ढों के कारण दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ रही है.
गड्ढों में गिरकर बच्चों के कपड़े हो रहे गंदे
बारिश के बाद सड़क के गड्ढों में पानी जमा हो जाने से बच्चों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. कई बार गड्ढों में गिरने से बच्चों के कपड़े गंदे हो जाते हैं. ऐसी स्थिति में कुछ बच्चे स्कूल जाने के बजाय वापस घर लौटने को मजबूर हो जाते हैं. स्कूल के समय बच्चों की आवाजाही अधिक होने के कारण अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गयी है.
खैरा-गड़खा आने-जाने के लिए महत्वपूर्ण है मार्ग
ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग खैरा से गड़खा आने-जाने वाले लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है. इसके अलावा अख्तियारपुर, मकिमपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीण, छात्र-छात्राएं और कामकाजी लोग इसी सड़क से आवागमन करते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है.
बारिश में गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क और भी खतरनाक हो जाती है. पानी जमा होने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क पर कई बार छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं.
सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा इसकी मरम्मत और जीर्णोद्धार की दिशा में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है. लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
जल्द मरम्मत और जीर्णोद्धार की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने और सड़क का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है. शशिभूषण कुंअर, अनुज कुंअर, कुंदन कुमार, ओमप्रकाश साह और राजू कुंअर ने कहा कि सड़क की लगातार अनदेखी से लोगों में नाराजगी है. उन्होंने कहा कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी तो समस्या और गंभीर हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
