Saran News : तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत

खैरा थाना क्षेत्र के छपरा-मशरक मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गयी.

नगरा. खैरा थाना क्षेत्र के छपरा-मशरक मुख्य मार्ग पर गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गयी. हादसा इतना भयावह था कि ट्रक ने बाइक और मृतक के शव को करीब पांच किलोमीटर तक घसीटा. मृतक की पहचान मानपुर गांव निवासी साहेब खान के रूप में हुई है. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, साहेब खान सुबह किसी काम से खैरा आए थे और मानपुर तीन मुहाने के पास सड़क किनारे अपनी बाइक पर खड़े थे. तभी नगरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें गलत दिशा से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहेब खान ट्रक के नीचे आ गये.

हादसे के बाद ट्रक चालक रुकने की बजाय तेजी से भागने लगा और इस दौरान शव और बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंसकर पांच किलोमीटर दूर चांचोड़ा तक घिसटते चले गये. रास्ते में लोगों ने शोर मचाया और ट्रक का पीछा भी किया, लेकिन चालक नहीं रुका. आखिरकार, लोगों के दबाव को देखते हुए चालक चांचोड़ा से थोड़ा आगे ट्रक छोड़कर फरार हो गया.

आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम की सड़क

घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. चांचोड़ा से शव वापस घटनास्थल पर लाकर खैरा-भट्ठी मुख्य मार्ग पर रखकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित लोगों ने आगजनी कर छपरा-मशरक मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया. वे फरार चालक की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे. सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं और यातायात ठप हो गया. घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. नगरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुभव कुमार भी घटनास्थल पर आये. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. पुलिस ने भी जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया. इसके बाद, प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >