सारण: एनएच-531 पर चार ट्रकों की जोरदार टक्कर, चालक समेत छह घायल, ढाई घंटे तक लगा जाम

छपरा-सीवान मुख्य मार्ग NH-531 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार ट्रक आपस में टकरा गए. इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के कारण सड़क पर करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Saran Road Accident: छपरा-सीवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय के समीप शुक्रवार की अहले सुबह करीब 2:30 बजे चार ट्रक एक-दूसरे से टकरा गये. हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. देखते ही देखते कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. करीब ढाई घंटे तक एनएच-531 पर परिचालन बाधित रहा. इस दौरान यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

दुर्घटना में चालक और सहचालक समेत करीब छह लोगों के जख्मी होने की बात सामने आयी है. इनमें एक चालक गंभीर रूप से जख्मी बताया जा रहा है, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आयी हैं. सूचना मिलने के बाद एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में फंसे चालक को जेसीबी की मदद से बाहर निकलवाया और इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा.

एक के बाद एक टकराते चले गये ट्रक

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर पहले से एक ट्रक सड़क पर खड़ा था. इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. इसके बाद पीछे से आ रहे अन्य ट्रक भी एक-दूसरे से टकराते चले गये. चार ट्रकों की टक्कर के बाद सड़क पर अफरातफरी की स्थिति बन गयी और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी.

हादसे में एक ट्रक के अंदर चालक फंस गया था. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी के माध्यम से उसे बाहर निकाला गया. घायल चालक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के सिंगही गांव निवासी शिवजी राय के 28 वर्षीय पुत्र उपेंद्र राय के रूप में हुई है. एकमा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया.

जेसीबी और हाइवा से हटाये गये दुर्घटनाग्रस्त ट्रक

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू कराया. जेसीबी और हाइवा की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया गया. इसके बाद जाम में फंसे वाहनों को धीरे-धीरे आगे निकाला गया.

करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद एनएच-531 पर परिचालन सामान्य हो सका. हालांकि, जाम के कारण इस दौरान सड़क से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सड़क किनारे खड़े ट्रकों से बढ़ रहा हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर कई जगह सड़क किनारे ट्रक खड़े कर दिये जाते हैं. कई स्थानों पर एक कतार में कई ट्रकों की पार्किंग होने से सड़क संकरी हो जाती है. रात के समय तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों के लिए सड़क किनारे खड़े ट्रक परेशानी का कारण बन जाते हैं.

लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाने, सड़क किनारे खड़े ट्रकों की नियमित निगरानी करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >