Saran News: भेल्दी स्थानीय थाना क्षेत्र के कटसा उप डाकघर के समीप शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर एक घर के बाहर लगे लोहे के गेट से टकरा गई. हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं बाइक पर सवार तीसरा युवक घटनास्थल से फरार हो गया.
कटसा उप डाकघर के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ही बाइक पर तीन युवक सवार होकर तेज गति से भेल्दी की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे एनएच-722 स्थित कटसा उप डाकघर के पास पहुंचे, बाइक अनियंत्रित होकर एक घर के बाहर लगे लोहे के गेट से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए.
एक की मौके पर मौत, दूसरा सदर अस्पताल रेफर
हादसे में गड़खा थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव निवासी 25 वर्षीय रंधीर कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं गड़खा थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव निवासी चंदेश्वर राय के पुत्र सुधन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले गड़खा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
तीसरा युवक मौके से फरार
घटना के बाद बाइक पर सवार तीसरा युवक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी हुई है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया. मां मान्ती देवी, बहन संध्या देवी तथा भाई सुजीत, रंजीत और संजीत का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं फरार युवक और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
