Saran News : जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बुधवार को डबल डेकर पुल के निर्माण क्षेत्र का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने रामलीला मठिया, पुराने बस स्टैंड के समीप से लेकर भिखारी ठाकुर चौक तक निर्माण कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के परियोजना निदेशक को निर्माण कार्य में तेजी लाने और दिन-रात 24 घंटे तीन शिफ्ट में काम कराने का निर्देश दिया गया.
श्रमिक और मशीनों की संख्या बढ़ाकर कार्य पूरा करने का निर्देश
डीएम ने श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर दोनों तरफ की सड़क, ड्रेनेज, गोलंबर, क्लिपिंग, बाइंडिंग और कंक्रीट सहित सभी कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा. मौना चौक से मेवालाल चौक तक भी दिन-रात काम कराकर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.
जलजमाव वाले स्थानों पर तत्काल पंप लगाकर पानी निकालने और आवश्यकतानुसार ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो.
Also Read : बारिश से डीईओ कार्यालय परिसर जलमग्न, लाखों के निर्माण के बाद भी जलजमाव से राहत नहीं
जलजमाव वाले क्षेत्रों में पंप और ब्लीचिंग पाउडर की व्यवस्था
डीएम ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अभियंताओं की गठित टीम निर्माण कार्यों का लगातार निरीक्षण करे और प्रतिदिन की रिपोर्ट उपलब्ध कराये. जलजमाव वाले क्षेत्रों में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने तथा कच्चे कटाव को दोबारा दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया.
जहां नाला निर्माण नहीं हुआ है, वहां छोटे पंप लगाकर जलजमाव की समस्या दूर करने और डंपिंग कार्य के लिए आवश्यक वाहनों की व्यवस्था करने को कहा गया. परियोजना निदेशक को एयरपोर्ट से मिट्टी हटाने का कार्य एक माह में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
नील कोठी में 50 दुकानों के अतिक्रमण पर नोटिस का निर्देश
भिखारी ठाकुर चौक के समीप नील कोठी में करीब 50 दुकानों के अतिक्रमण के संबंध में डीएम ने सदर अंचलाधिकारी को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
Also Read : बक्सर में पितृ पक्ष की तैयारियां शुरू, 26 सितंबर से शुरू होगा श्राद्ध महालय
यातायात व्यवस्था के लिए तैयार होगा वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान
डबल डेकर पुल निर्माण के कारण संभावित यातायात व्यवधान को देखते हुए डीएम ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी को वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान तैयार करने तथा उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा. इसका उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी को कम करना है.
पुलिस लाइन में जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन परिसर का भी जायजा लिया. जलजमाव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने नगर आयुक्त को तत्काल छोटे पंप लगाने और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
डीएम ने मुख्यमंत्री समग्र शहरी योजना के तहत छोटी-छोटी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति के लिए भेजने को कहा, ताकि नालियों और सड़कों को शीघ्र दुरुस्त किया जा सके. इसके बाद बड़े कार्यों और व्यापक योजनाओं पर भी काम करने का निर्देश दिया गया.
Also Read : बक्सर में जल्द शुरू होगा पूर्ण एआरटी सेंटर, एचआईवी संक्रमित मरीजों को जिले में ही मिलेगी इलाज की सुविधा
