Saran News: सावन के पहले दिन गुरुवार को नगर पंचायत के चकनूर स्थित बाबा गुप्तेश्वरनाथ मंदिर के नये परिसर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा. अहले सुबह मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी पहुंचीं और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की.
बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर
हाथों में आस्था का जल लेकर श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते रहे. मंदिर परिसर में बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
नये परिसर में पहली बार सावन में उमड़े भक्त
बताया जाता है कि दिघवारा-शेरपुर सिक्सलेन सड़क पुल के निर्माण के कारण पुराने स्थल पर स्थित मंदिर के प्रभावित होने के बाद बाबा गुप्तेश्वरनाथ मंदिर को चकनूर में नये स्थल पर स्थानांतरित किया गया है. नये परिसर में इस बार पूरे सावन माह श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
पौराणिक महत्व रखता है बाबा गुप्तेश्वरनाथ मंदिर
बाबा गुप्तेश्वरनाथ मंदिर का अपना पौराणिक महत्व है. स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर का इतिहास गौरवशाली रहा है. सावन के पूरे महीने यहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है और बड़ी संख्या में शिवभक्त भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं.
महाशिवरात्रि पर लगता है भव्य मेला
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाबा गुप्तेश्वरनाथ मंदिर में सावन के अलावा महाशिवरात्रि के अवसर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर के समीप भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
