Food Safety Department: रक्षाबंधन, कृष्णाष्टमी समेत आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी एवं मानक के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में गुरुवार को जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छपरा शहर की कई प्रमुख मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर जांच की. कार्रवाई के दौरान विभिन्न मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए.
छापेमारी टीम का नेतृत्व जिला खाद्य निरीक्षक पदाधिकारी सह अभिहित पदाधिकारी नारायण राम ने किया. उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत शहर की हरीलाल स्वीट्स, छप्पन भोग, कृष्णा एंड कृष्णा, स्वामिनी समेत कई दुकानों की जांच की गयी. इस दौरान दुकानों में उपलब्ध मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गयी तथा आवश्यकतानुसार उनके नमूने जब्त किए गए.
जांच के लिए पटना भेजे गए सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य स्तरीय खाद्य प्रयोगशाला, पटना भेजे गए हैं. प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि किसी नमूने में मिलावट, गुणवत्ता में कमी या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पर्व-त्योहार को लेकर विशेष अभियान
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और राज्य मुख्यालय के सचिव के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पर्व-त्योहारों के दौरान मिठाई, दूध से बने उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ जाती है. ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की टीम दुकानों की लगातार जांच कर रही है.
आगे भी जारी रहेगी सैंपलिंग की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी
