municipal corporation strike: नगर निगम के सफाई मित्र 10 प्रतिशत बढ़ी दैनिक मजदूरी और तीन माह का एरियर नहीं मिलने से नाराज हैं. सफाई मित्रों ने दशहरा से पहले एक बार फिर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है. इस संबंध में नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने महापौर को पत्र देकर स्थिति से अवगत कराया है.
जुलाई 2025 से मिलना है 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का लाभ
नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सियाराम सिंह ने पत्र में कहा है कि नगर विकास विभाग के निर्णय के तहत नगर निगम के दैनिक मजदूरों यानी सफाई मित्रों की मजदूरी में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ जुलाई 2025 से दिया जाना था. लेकिन अभी तक अप्रैल, मई और जून के 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के लाभ का भुगतान नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि इस राशि के भुगतान के लिए नगर आयुक्त द्वारा प्रोसीडिंग की मांग की जा रही है. संघ ने इसे प्रक्रिया में हो रही देरी बताते हुए नाराजगी जतायी है.
तीन माह के एरियर के भुगतान की मांग
कर्मचारी संघ ने महापौर से आग्रह किया है कि सफाई मित्रों की 10 प्रतिशत बढ़ी राशि के भुगतान के लिए आवश्यक प्रोसीडिंग और तीन माह के एरियर से संबंधित प्रति नगर आयुक्त को उपलब्ध करायी जाये, ताकि भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो सके.
पीएफ जमा करने और हड़ताल का पैसा नहीं काटने की मांग
संघ ने यह भी मांग की है कि हड़ताल की अवधि का पैसा नहीं काटा जाये और सफाई मित्रों के प्रोविडेंट फंड की राशि हर माह नियमित रूप से जमा की जाये. संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 15 सितंबर से सफाई मित्र हड़ताल पर चले जायेंगे.
