छपरा में स्नातक 2026-30 स्पॉट एडमिशन, 24 हजार सीटों पर हुई प्रक्रिया, करीब 8 हजार नामांकन

स्नातक सत्र 2026-30 के लिए 27 अगस्त को हुए स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया में करीब आठ हजार छात्रों ने नामांकन कराया है. छात्र कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, देर शाम तक चली इस प्रक्रिया का अंतिम आंकड़ा सोमवार को जारी किया जाएगा.

Graduation Spot Admission: स्नातक सत्र 2026-30 के तहत प्रमंडल के सभी कॉलेजों में 27 अगस्त को स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया आयोजित की गयी. छात्र कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार करीब आठ हजार छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया. वहीं, कई कॉलेजों में देर शाम तक नामांकन की प्रक्रिया चलती रही. ऐसे में कुल कितने छात्रों का नामांकन हुआ, इसकी अंतिम जानकारी सोमवार को जारी की जायेगी.

स्पॉट एडमिशन के लिए छात्र-छात्राओं ने समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था. इसके बाद 25 अगस्त को सभी आवेदकों की सूची जारी की गयी. विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग की ओर से नामांकन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किये गये थे.

कॉलेजों में सुबह 10 बजे शुरू हुआ नामांकन

निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार गुरुवार को सुबह 10 बजे सभी कॉलेजों में नामांकन सेल के माध्यम से स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की गयी. विश्वविद्यालय की ओर से स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची पहले ही संबंधित कॉलेजों को भेज दी गयी थी.

इसके बाद नामांकन सेल की ओर से एक-एक कर छात्रों के आवेदन फॉर्म और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया गया. सत्यापन के बाद दोपहर में कॉलेज स्तर पर मेधा सूची नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित की गयी. मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं ने दोपहर बाद नामांकन की प्रक्रिया पूरी की.

समर्थ पोर्टल से जमा किया नामांकन शुल्क

फॉर्म और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद छात्रों को नामांकन शुल्क जमा करने के लिए समर्थ पोर्टल पर लिंक उपलब्ध कराया गया. छात्र-छात्राओं ने पोर्टल के माध्यम से शुल्क जमा किया और उसकी रसीद की प्रति निकालकर सत्यापित दस्तावेजों के साथ कॉलेज काउंटर पर जमा की. इसके बाद कॉलेज की ओर से नामांकन स्वीकृत कर रोल नंबर भी आवंटित किया गया.

24 हजार सीटों पर मांगे गये थे आवेदन

स्नातक सत्र 2026-30 में प्रमंडल के कॉलेजों में कुल 50 हजार सीटों पर दाखिला होना था. पहले, दूसरे और तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 24 हजार सीटें खाली रह गयी थीं. इन सीटों पर दाखिले के लिए छात्र-छात्राओं से स्पॉट एडमिशन के तहत आवेदन मांगे गये थे.

विषयवार और कॉलेजवार उपलब्ध सीटों की संख्या पहले ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गयी थी. इसके बाद छात्रों ने अपनी पसंद के विषय और कॉलेज के अनुसार ऑनलाइन आवेदन किया.

कई कॉलेजों में नामांकन को लेकर रही प्रतिस्पर्धा

स्पॉट एडमिशन के दौरान कई कॉलेजों और विषयों में नामांकन को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. राजेंद्र कॉलेज में कला संकाय के भूगोल और अर्थशास्त्र सहित कुछ विषयों में काफी कम सीटें बची थीं. इस कारण कई छात्रों के नाम वेटिंग लिस्ट में चले गये.

इसी तरह जगदम कॉलेज और रामजयपाल कॉलेज में विज्ञान संकाय की कुछ सीटों पर दाखिले के लिए प्रतिस्पर्धा रही. हालांकि, जिन छात्रों का पूर्व की मेरिट सूची में नाम नहीं आया था, उनमें से कई ने विषय बदलकर आवेदन किया. जिन विषयों में अपेक्षाकृत अधिक सीटें उपलब्ध थीं, उनमें नामांकन कराने में छात्रों को परेशानी नहीं हुई.

इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >