Saran News: आध्यात्मिक और धार्मिक चेतना की भूमि छपरा में आगामी 17 जुलाई को एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होने जा रहा है. विश्वप्रसिद्ध कथा वाचक परम प्रदीप भैया महाराज के मुखारविंद से 'एक शाम मंगलधाम के नाम' हनुमंत कथा का भव्य आयोजन किया जायेगा.
इस एक दिवसीय विशेष कथा में बजरंगबली की महिमा, उनके आदर्शों और सनातन संस्कृति के मूल्यों पर प्रकाश डाला जायेगा. आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन समिति सभी व्यवस्थाओं को लेकर जुटी हुई है.
समाज में सकारात्मक ऊर्जा का होगा संचार
आयोजन समिति ने बताया कि इस धार्मिक कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना तथा युवाओं को भारतीय संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है. कथा के दौरान परम प्रदीप भैया महाराज अपने भजनों और ओजस्वी वाणी से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे.
श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने की अपील
आयोजन समिति ने छपरा और आसपास के सभी धर्मावलंबियों, श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों से अपील की है कि वे समय से पूर्व प्रेक्षागृह पहुंचकर हनुमंत कथा का अमृतपान करें और प्रभु श्रीराम तथा बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त करें. समिति का कहना है कि कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सभी लोग समय पर पहुंचकर आयोजन को सफल बनाएं.
