Baba Mahendranath Temple New Traffic System : सारण के प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में शुक्रवार से नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है. इसके तहत मंदिर परिसर से दो किलोमीटर पहले ही सभी निजी और व्यावसायिक वाहनों को रोक दिया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक पहुंचकर बाबा के दर्शन करने होंगे.
पार्किंग स्थल पर होगी वाहनों की व्यवस्था
जिला प्रशासन ने मंदिर से लगभग दो किलोमीटर दूर बैरिकेडिंग कर वाहन पार्किंग की व्यवस्था की है. श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करना होगा. पार्किंग के लिए पकवाईनार और बलिया कोठी मैदान को चिन्हित किया गया है.
सारण की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर प्रशासन का फोकस
सावन मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन का उद्देश्य भीड़भाड़ के दौरान जाम की स्थिति से बचना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है.
इन सेवाओं को रहेगी विशेष छूट
नई व्यवस्था के बावजूद एंबुलेंस, शव वाहन और प्रशासनिक वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है. इसके अलावा वयोवृद्ध श्रद्धालुओं और छोटे बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमित सहायता और ई-रिक्शा जैसी वैकल्पिक व्यवस्था की अनुमति दी गई है.
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें. इससे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा महेंद्रनाथ के दर्शन का अवसर मिल सकेगा.
Also Read : पूर्व डीपीओ के 4 ठिकानों पर ईओयू की रेड, आय से 72% अधिक संपत्ति का आरोप, छपरा-सीवान में भी चल रही छापेमारी
