अमनौर : स्थानीय थाना क्षेत्र के अमनौर हरनारायण गांव स्थित युवराज गैस एजेंसी के कार्यालय का ताला तोड़ अज्ञात चोरों ने एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति की चोरी कर ली. इसकी सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच मामले की तहकीकात की.
मालूम हो कि उक्त गैस एजेंसी पिछले एक साल से बंद पड़ी है. चोरों ने इसका फायदा उठाते हुए उक्त एजेंसी के मुख्य दरवाजे से घुस कर दो कमरों का ताला तोड़ उसमें रखे कीमती सामान की चोरी कर ली और चंपत हो गये. एजेंसी मालिक के भाई राजीव सिंह ने बताया कि चोरों ने ताला तोड़कर यूपीएस, मॉनीटर, सीपीयू, बैटरी, मोटर सहित छत पर चढ़ दो सोलर पैनल सहित एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति की चोरी कर ली और फरार हो गये. इसकी जानकारी तब मिली, जब कुछ लोगों ने देखा कि एजेंसी का मुख्य दरवाजा खुला है.
इसकी जानकारी एजेंसी मालिक के परिजनों को दी जहां उनके परिजनों ने पहुंच कर देखा कि अंदर के दो कमरों का ताला टूटा पड़ा है और उक्त सामान गायब हैं. हालांकि एजेंसी मालिक कुछ काम के लिए दिल्ली गये हुए हैं. थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि उक्त चोरी का मामला दो चार दिन पहले का ज्ञात हो रहा है. इस मामले की जांच की जा रही है.
