जन संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों से किया सीधा संवाद
जलालपुर/दरियापुर : विचार मरता है तो संपूर्ण रूप से समाज को निगल जाता है. हम इस स्तर से समाज का निर्माण करें कि एक मजबूत भारत में एक सशक्त समाज का निर्माण हो. उक्त बातें जहानाबाद के सांसद व राष्ट्रीय लोक समता पार्टी नेता डॉ अरुण कुमार ने कहीं. वे मंगलवार को जलालपुर के रामपुर नूर नगर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अगर जिस समाज के अंदर विचार मरता है, तो वह संपूर्ण रूप से समाज को निगल जाता है. समाज को अगर बचना है तो सबसे पहले अपने विचारों को बचाना होगा. शिक्षक को सम्मान नहीं दिया तो एक सशक्त समाज के निर्माण की कल्पना करना बेमानी होगी.
उन्होंने मौजूदा स्थिति में शिक्षा व शिक्षकों के प्रति समाज में आयी गिरावट पर चिंता जताते हुए कहा शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं. पिछले तीस वर्षों से शिक्षा व शिक्षकों की जो स्थिति हुई है, वह काफी भयावह है. उन्होंने बाजारवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बाजारवाद के कारण आदमी-आदमी को निगल जा रहा है. पहले किसानों को अपने फसल के प्रति अगाध प्रेम होती थी. वे खेतो में जाकर अपने फसल को देख हर्षित होते थे, मगर आज के किसान केवल फसल बुआई तक खेत में दिखते हैं. मौके पर डॉ शिव कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र गोप, विनोद चौधरी, भोला सिंह, राकेश कुमार सिंह, स्वरूप सिंह, विकास पांडेय, ओम प्रकाश बिंद, माया श्रीवास्तव, बीडीसी धर्मेंद्र कुमार, सुधीर कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.
दरियापुर संवाददाता के अनुसार प्रदेश में शिक्षा में सुधार के लिए राज्य सरकार मापदंड तय करें. शिक्षक सिर्फ शिक्षा ही नहीं देते बल्कि वे बच्चों को जीवंत संस्कार देने का भी काम करते हैं. इसके बावजूद उनको उचित मानदेय नहीं मिलने से उनमें उत्साह की कमी हो गयी है. उक्त बातें अरुण कुमार ने डेरनी में अपने जनसंपर्क अभियान के तहत कहीं. मौके पर विनोद चौधरी, गुड्डू शर्मा, पूर्व विधान पार्षद अजय अलमस्त, अनिल पांडेय सहित अन्य शामिल हुए.
