पानापुर : थाना क्षेत्र के रामपुर खरौनी गांव में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने प्रेमचंद साह एवं कृष्णा सिंह के घरों को निशाना बना नकद सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली. घटना के संबंध में बताया जाता है कि रामपुर खरौनी गांव निवासी प्रेमचंद्र प्रसाद के घर के अधिकांश सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गोपालगंज जिले के दीघवां गांव गये थे.
घर में एकमात्र महिला एवं एक बुजुर्ग ही थे. इसी का फायदा उठाकर चोर छत के सहारे घर मे प्रवेश कर गये एवं बक्से, पेटी तोड़कर सभी कीमती सामान निकाल लिये. उसके बाद चोरों ने बगल में स्थित कृष्णा सिंह के घर को अपना निशाना बनाया. चोर छत के सहारे घर में प्रवेश कर घर में सो रहीं महिलाओं के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया एवं अन्य कमरों में रखे पेटी बक्सा लेकर चलते बने. घटना की जानकारी लोगों को सुबह तीन बजे हुई जब कृष्णा सिंह के घर की महिलाएं शौच के लिए निकलीं. घर का दरवाजा बाहर से बंद देख जब महिलाओं ने शोर मचाया तो आस-पास के ग्रामीण दौड़े. घर से कुछ ही दूरी पर एक खेत में बिखरे पड़े सामान को देख लोगों के होश उड़ गये. चोरों ने पेटी, बक्से तोड़कर गहने, नकद सहित कीमती सामान लेकर चंपत हो गये थे. हालांकि चोरी कब हुई, इस बारे में पता नहीं चल सका. सूचना पाकर स्थानीय थाने के एसआई मोहन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं मामले की छानबीन शुरू की.
स्थानीय थाने से महज दो किलोमीटर की दूरी पर चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में गुस्सा देखा जा रहा था.
