छपरा(सारण) : शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र के पीएन सिंह कॉलेज के पास रविवार को बेहोशी की हालत में एक अधेड़ व्यक्ति को पाया गया, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर अधेड़ को अस्पताल में भर्ती कराया. उसकी पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस इसकी जांच कर रही है.
आशंका है कि नशाखुरानी गिरोह के सदस्यों के द्वारा नशा खिला कर लूटने के बाद बेहोशी की हालत में सुनसान जगह पाकर कालेज के पास फेंक दिया गया था. चिकित्सक डॉ एचएन प्रसाद ने बताया कि नशीले पदार्थ खिलाने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. हालांकि उसके हालत में सुधार हो रहा है. भगवान बाजार थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि पीएन सिंह कॉलेज के पास अधेड़ को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पाया गया. उसके होश में आने के बाद ही घटना की विस्तृत जानकारी मिलने की संभावना है और उसके नाम पता ज्ञात नहीं हो सका है. उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है. इसके एक दिन पहले शनिवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीन टोलिया फोर लेन के पास एक व्यक्ति को बेहोशी की हालत में पाया गया था और उसे भी नशाखुरानी गिरोह के सदस्यों के द्वारा नशा खिला कर लूटा गया था.
ट्रेन व बस से छपरा में अहले सुबह उतरने वाले यात्रियों को ग्रामीण इलाकों में पहुंचाने के बहाने नशा खिला टेम्पो व अन्य चार पहिया वाहनों को नशा खिला कर लूट लिया जाता है.
