मढ़ौरा : थाना क्षेत्र के पकाहां वार्ड संख्या 6 के आम के पेड़ पर पत्थर चलाने को लेकर एक नौ वर्षीय लड़के को बेरहमी से पिटाई करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में लड़के की मां ज्ञांती देवी ने अवांरी निवासी राजेश राय और उनकी पत्नी को नामजद किया है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, उनका 9 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार पड़ोस के गांव आवांरी गया था.
जहां आम के कच्चे फल को तोड़ने के लिए पत्थर चलाने का आरोप लगाकर राजेश राय और उनकी पत्नी के द्वारा लड़के के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे लड़के के पीठ और दाहिने आंख पर गंभीर चोटें आयी हैं. इसके बाद लड़के के परिजनों द्वारा लड़के का इलाज स्थानीय रेफरल अस्पताल में कराया गया.
