सीजेएम ने मामले को पंजीकृत करने का दिया आदेश
छपरा (कोर्ट) : वार्ड पार्षद पुत्र द्वारा एक महिला को शौचालय बनवा देने और सरकारी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उसके साथ गैंगरेप करने व उसका वीडियो बना पति तथा अन्य के मोबाइल पर वायरल करने का एक मामला सीजेएम न्यायालय में दाखिल किया गया है. उक्त मामले को रिविलगंज थाना क्षेत्र निवासी व महिला के पति ने दर्ज कराते हुए एक महिला वार्ड पार्षद के पुत्र समेत अन्य को आरोपित बनाया है.
आरोप लगाया है कि वार्ड पार्षद पुत्र ने उसकी पत्नी को घर में शौचालय बनवा देने और उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर पत्नी व नाबालिग बेटी को साथ लेकर कहीं चला गया और उसके साथ किये गये गैंगरेप का एक रंगीन वीडियो बनाकर उसके तथा अन्य के मोबाइल पर भेजा है. इससे उसका जीना दूभर हो गया है. उसने आशंका जाहिर की है कि आरोपित ने कहीं उसकी पत्नी व पुत्री को किसी गलत हाथों में बेच दिया हो या फिर गलत इस्तेमाल कर रहा हो. सीजेएम ने इस मामले को पंजीकृत करने तथा एक प्रति एसपी को भेजने का आदेश दिया है.
