छपरा : मार्च महीने में कई त्योहारों का संयोग बन रहा है. महीने की शुरुआत रंगों के त्योहार होली से शुरू हुई और आखिरी तारीख को हनुमान जन्मोत्सव होगा. इसी महीने में वासंतिक नवरात्र, चैती छठ, रामनवमी और महावीर जयंती भी है. 89 वर्ष के बाद इस तरह की संयोग बन रहे है. हरिहरनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक सुशील चंद्र शास्त्री बताते हैं कि इसी महीने 18 तारीख को हिंदू नववर्ष संवत् 2075 भी शुरू होगा. ऐसा कम होता है जब एक महीने में इतने सारे त्योहार आते हैं. मार्च में ऐसा ही पावन अवसर आ रहा है. हिंदू नववर्ष का प्रारंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से माना जाता है.
वास्तव में यह वर्ष का सबसे श्रेष्ठ दिवस है, क्योंकि ब्रह्मपुराण के अनुसार, पितामह ब्रह्मा ने इसी दिन सृष्टि की रचना की थी. इसलिए यह सृष्टि का प्रथम दिन माना गया है. यही नहीं, इसी तिथि को भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था. इसी तिथि को सतयुग का प्रारंभ भी माना गया है. भगवान श्रीराम व युद्धिष्ठिर का राज्याभिषेक, चैत्र नवरात्र का प्रारंभ, आर्य समाज की स्थापना, संत झूलेलाल जयंती और आरएसएस के संस्थापक डॉ केशवराव हेडगेवार का जन्म भी इसी तिथि को हुआ था. इसी माह 22 मार्च को नहाय-खाय के साथ चार दिनी चैती छठ का अनुष्ठान शुरू होगा.
