तीन दिनों से 50 से अधिक घरों में बंद है बिजली की सप्लाई
दिघवारा : प्रखंड की मानुपुर पंचायत के ईशुपुर गांव में एलटी तार के शाॅर्ट करने से ट्रांसफाॅर्मर में खराबी आ गयी, जिससे पिछले तीन दिनों से लगभग 50 से अधिक घरों में बिजली की सप्लाई पूर्णतः बंद है और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों की मानें तो शाॅर्ट लगने के कारण 100 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया है, जिसे विभाग द्वारा बदला नहीं गया है. हालांकि विभाग ने ट्रांसफाॅर्मर जलने की पुष्टि नहीं की है.
बता दें कि बीती सात जनवरी को ईशुपुर में वैली टू स्कूल के पास लगे ट्रांसफाॅर्मर के समीप दो एलटी तार आपस में संपर्क में सट गये और हाई वोल्टेज हो जाने के कारण उक्त ट्रांसफाॅर्मर के आसपास के दर्जनों घरों में लगे कई बिजली संचालित उपकरण जल गये. किसी घर में टीवी जल गया तो कहीं फ्रिज व इन्वर्टर में खराबी आ गयी. दर्जनों घरों में लगे सभी बल्ब भी फ्यूज हो गये. जिन घरों में बिजली संचालित उपकरण जले हैं उनमें जगदीप सिंह, रमा कांत सिंह, शिवकांत सिंह, शिवनाथ सिंह, मंटू सिंह, सतीश सिंह, युगल सिंह आदि के घर शामिल हैं. स्थानीय बिजली मिस्त्री ने भी बताया कि एलटी तार में शॉर्ट लगने के कारण ट्रांसफाॅर्मर में खराबी आयी है.
इस बाबत पूछे जाने पर दिघवारा विद्युत सब स्टेशन के जेई संजय कुमार रमण ने बताया कि सोमवार को उन्हें ईशुपुर के ट्रांसफाॅर्मर खराबी की सूचना मिली है, जिसके बाद मिस्त्री भेजा गया है,अगर ट्रांसफाॅर्मर जला होगा तो उसे बदलकर विद्युत की सप्लाई शुरू कर दी जायेगी.
