छपरा (सारण) : जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के चिंतामनगंज विश्वभरपुर गांव में किराना दुकानदार समेत दो लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया गया. यह घटना सोमवार देर रात की है. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में इंद्रदेव सिंह के पुत्र राकेश कुमार तथा स्व पुण्यकाल प्रसाद के पुत्र बालदेव प्रसाद शामिल हैं.
घायलों का बयान भगवान बाजार थाने की पुलिस ने दर्ज की है और गड़खा थाने को भेजा जा रहा है. घायलों ने बताया कि सोमवार की रात राकेश कुमार अपनी दुकान बंद कर रहा था. इसी दौरान गांव के छह-सात लोगों ने आकर हमला कर दिया और चाकू मारकर घायल कर दिया. दुकानदार राकेश के बचाव में पड़ोसी बालदेव प्रसाद आये तो उन्हें भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया. दुकानदार राकेश ने पुलिस को दिये गये बयान में कहा है कि हमला करने वालों ने 62 हजार रुपये भी छीन लिये.
