भेल्दी (अमनौर) : भेल्दी थाने के खरीदाहां गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या गला दबाकर कर दी गयी. मृतका सीमा देवी भेल्दी थाने के खरीदाहां गांव के मुकेश राय की पत्नी है. थाने में दर्ज प्राथमिकी में डेरनी थाने धने छपरा रसूलपुर गांव के विश्वनाथ राय ने कहा है कि वे अपनी पुत्री सीमा की शादी वर्ष 2013 में भेल्दी थाने के खरीदाहां गांव के भगवान राय के पुत्र मुकेश राय के साथ किये थे. शादी के कुछ वर्षों के बाद से ही उनकी पुत्री सीमा को पांच लाख रुपये मायके से लाने के लिए पति,
सास व ससूर दबाव देने लगे. रुपयों के लिए पति अक्सर गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे. 19 दिसंबर की शाम साढ़े पांच बजे सीमा अपने भाई को पास फोन करके बतायी कि सास, ससूर व पति द्वारा पैसा के लिए उसके साथ मारपीट किया गया है. 20 दिसंबर को आठ बजे सुबह फोन आया कि उनकी पुत्री की हत्या कर दी गयी है. इसकी सूचना पर सअनि राकेश कुमार ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच सीमा का शव कमरे से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. मामले में छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.
