समस्तीपुर: रोसड़ा में युवक को गोली मारकर किया घायल, अपहरण के प्रयास का आरोप

समस्तीपुर के रोसड़ा में अपराधियों ने एक युवक सम्राट सौरभ को गोली मारकर घायल कर दिया. पिता ने अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया है और परिवार ने सुरक्षा की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Samastipur News: रोसड़ा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया. घायल की पहचान शाहपुर निवासी मणिकांत राय के 21 वर्षीय पुत्र सम्राट सौरभ के रूप में हुई है. गोली उनके हाथ में लगी है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल, रोसड़ा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.

एफएसएल और डीआईयू टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस पदाधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामले की जांच के लिए एफएसएल और डीआईयू की टीम को लगाया गया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है.

पिता ने लगाया अपहरण के प्रयास का आरोप

घायल के पिता मणिकांत राय, जो ग्रामीण चिकित्सक हैं, ने आरोप लगाया कि उनका परिवार लंबे समय से अपराधियों के निशाने पर है. उन्होंने बताया कि सम्राट सौरभ प्रतिदिन की तरह शाम में क्रिकेट खेलने गए थे. इसी दौरान कुछ अपराधियों ने कथित रूप से उनका अपहरण करने का प्रयास किया. विरोध करने पर उन पर गोली चला दी गई.

पहले भी हो चुके हैं हमले

मणिकांत राय ने बताया कि यह उनके परिवार पर पहला हमला नहीं है. उनके अनुसार 21 मार्च 2026 को सम्राट सौरभ पर घर लौटने के दौरान जानलेवा हमला हुआ था, जिसकी प्राथमिकी रोसड़ा थाना कांड संख्या 184/26 के रूप में दर्ज है.

उन्होंने बताया कि इसके बाद 24 मई 2026 को उनके बड़े पुत्र एवं ग्रामीण चिकित्सक सम्राट सचिन पर शाहपुर बजरंगबली मंदिर के समीप हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. उस मामले में भी रोसड़ा थाना कांड संख्या 205/26 दर्ज है.

परिवार ने सुरक्षा की मांग की

परिजनों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों से पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है.

वहीं पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj kumar thak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >