समस्तीपुर: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के कर्नलगंज थाना की पुलिस बुधवार को दो वर्ष पुराने हाफ एनकाउंटर मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश में समस्तीपुर पहुंची. स्थानीय पुलिस के सहयोग से रेलवे जंक्शन और उसके आसपास के संभावित ठिकानों पर छानबीन की गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.
दो साल पुराने हाफ एनकाउंटर मामले से जुड़ा है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में झांसा देकर लूट और छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान बदमाश सुनील कश्यप पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था. हालांकि उसका साथी धर्मेंद्र दुबे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था.
महिलाओं को बनाते थे निशाना
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सुनील कश्यप ने पुलिस को बताया था कि वह समस्तीपुर निवासी धर्मेंद्र दुबे के साथ मिलकर महिलाओं को झांसा देकर उनके आभूषण और नकदी लूटता था. पुलिस के मुताबिक दोनों ने कर्नलगंज थाना क्षेत्र और गोंडा शहर में लूट व छिनतई की कई वारदातों को अंजाम दिया था. इसी खुलासे के बाद से धर्मेंद्र दुबे की तलाश लगातार की जा रही है.
रेलवे जंक्शन के आसपास की गई छानबीन
हाल ही में यूपी पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी समस्तीपुर रेलवे जंक्शन के आसपास देखा गया है. सूचना के आधार पर कर्नलगंज थाना के एसआई अविनाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम समस्तीपुर पहुंची. स्थानीय पुलिस के सहयोग से कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी और जांच की गई, लेकिन आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया.
गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. संभावित ठिकानों और उससे जुड़े लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढे़ं: समस्तीपुर: आज से नगर निकाय कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, सफाई और जलापूर्ति सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
