MGNREGA Scam: उजियारपुर प्रखंड की लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मनरेगा विभाग से करायी गयी सात योजनाओं में बिना काम किये ही 9 लाख 81 हजार 401 रुपये की निकासी कर लेने की शिकायत सामने आयी है. शिकायत के बाद मामले की जांच के आदेश दिये गये हैं. उजियारपुर मनरेगा विभाग के पीओ महेश कुमार ने चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर योजनाओं की स्थल जांच कराने का निर्देश दिया है.
सात योजनाओं में 17 लाख रुपये का था प्रावधान
बताया गया है कि पंचायत में मनरेगा के तहत सात योजनाओं पर करीब 17 लाख रुपये खर्च किये जाने थे. शिकायतकर्ता उमेश सहनी ने आरोप लगाया कि योजनाओं पर वास्तविक रूप से काम कराये बिना ही 9,81,401 रुपये की निकासी कर ली गयी.
उन्होंने इस संबंध में आलाधिकारियों सहित विभिन्न कार्यालयों में शिकायत पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की थी.
चार सदस्यीय टीम करेगी स्थल जांच
शिकायत के आलोक में पीओ महेश कुमार ने चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है. जांच कमेटी में जेई सचिन कुमार, पंचायत तकनीकी सहायक सुबोध कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार और शशि भूषण कुमार को शामिल किया गया है.
जारी पत्र में जांच टीम को संबंधित योजनाओं का स्थल पर जाकर भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है.
नाला और ग्रामीण सड़कों की होगी जांच
जांच टीम गांव में दो बाहा यानी बड़े नाले के अलावा चार अलग-अलग ग्रामीण सड़कों पर कराये जाने वाले कार्यों की जांच करेगी. इनमें मिट्टी भराई, ईंट सोलिंग और पीसीसी ढलाई से संबंधित योजनाएं शामिल हैं.
कमेटी को योजनाओं के स्थल का भौतिक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और जांच प्रतिवेदन विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है.
अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि योजनाओं में वास्तव में कितना काम हुआ और निकासी की गयी राशि के अनुरूप कार्य कराया गया या नहीं.
यह भी पढ़ें
Samastipur News: सड़क निर्माण में मिली खामियां, विधायक ने काम पर लगायी रोक; जांच के निर्देश
