Samastipur RPF: दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र से लापता तीन नाबालिग लड़कियों के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है. दरभंगा पुलिस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जंक्शन से तीनों नाबालिग लड़कियों के साथ एक युवक को बरामद किया गया.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
बिरौल थाना की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को बिरौल थाना पुलिस ने आरपीएफ समस्तीपुर से सहयोग मांगा था. पुलिस ने सूचना दी थी कि प्राथमिकी में नामजद युवक और तीनों नाबालिग लड़कियां दिल्ली से लौटकर समस्तीपुर पहुंची हैं.
इसके बाद आरपीएफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक और तीनों लड़कियों को अपने संरक्षण में लिया.
युवक की पहचान दरभंगा निवासी के रूप में
पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद कुदुस, निवासी जगदीशपुर, थाना बिरौल, जिला दरभंगा के रूप में हुई है.
प्राथमिकी के अनुसार, तीनों नाबालिग लड़कियां एक ही गांव की रहने वाली हैं और युवक के साथ घर से निकली थीं.
आरपीएफ ने पुलिस को सौंपा
मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार (बिरौल थाना) आवश्यक दस्तावेज और प्राथमिकी की प्रति लेकर आरपीएफ पोस्ट पहुंचे. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ ने तीनों नाबालिग लड़कियों और युवक को आगे की कार्रवाई के लिए बिरौल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
आरपीएफ टीम ने निभाई अहम भूमिका
प्रभारी निरीक्षक अविनाश क्रोशिया के निर्देश पर सब इंस्पेक्टर शशिकांत तिवारी के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया.
फिलहाल पूरे मामले में बिरौल थाना पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
