समस्तीपुर: सोनपुर मंडल ने ऑपरेशनल उत्कृष्टता, लाइन क्षमता के प्रभावी उपयोग और क्रू ऑप्टिमाइजेशन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है. मंडल ने एक ही दिन में रिकॉर्ड 23 क्रैक मालगाड़ियों का सफल संचालन किया. यह सोनपुर मंडल का अब तक का सर्वाधिक एक-दिवसीय क्रैक ट्रेन संचालन है. खास बात यह रही कि इन ट्रेनों का संचालन बिना किसी एन-रूट क्रू चेंज के किया गया.
कटिहार-छपरा खंड पर 9 ट्रेनें, 326 KM की दूरी तय
सोनपुर मंडल के अनुसार, कटिहार-छपरा खंड पर संचालित नौ क्रैक ट्रेनों ने 326 किलोमीटर की दूरी नौ घंटे 12 मिनट में तय की. इस दौरान इन ट्रेनों की औसत गति 36 किलोमीटर प्रति घंटा रही.
विशेष रूप से समस्तीपुर यार्ड में किसी भी ट्रेन का क्रू परिवर्तन नहीं किया गया. सभी ट्रेनें बिना अतिरिक्त ठहराव के यार्ड से होकर गुजरीं. इससे जंक्शन पर ठहराव समाप्त हुआ और ट्रंक रूट की नेटवर्क गतिशीलता में सुधार हुआ.
इन चार रूट पर चलीं 23 क्रैक मालगाड़ियां
एक दिन में संचालित क्रैक ट्रेनों का विवरण इस प्रकार रहा:
| मार्ग | क्रैक ट्रेनें |
| कटिहार-छपरा | 9 |
| सिमरिया-मुजफ्फरपुर-सिमरिया | 8 |
| बरौनी-तिलैया | 3 |
| बरौनी-दरभंगा | 3 |
| कुल | 23 |
23 रनिंग क्रू सेट की प्रत्यक्ष बचत
सोनपुर मंडल के अनुसार, इस परिचालन से 23 रनिंग क्रू सेट की प्रत्यक्ष बचत हुई. इसके अलावा क्रू और परिचालन लागत में कमी, लोकोमोटिव एवं वैगनों के टर्नअराउंड में सुधार और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त लाइन क्षमता उपलब्ध होने जैसे लाभ मिले.
इस व्यवस्था से ट्रेन-ऑन-डिमांड और अन्य मालगाड़ियों के संचालन में भी सुविधा मिलने की बात कही गयी है.
134 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में 95% समय पर चलीं
मालगाड़ियों के रिकॉर्ड संचालन के साथ सोनपुर मंडल ने यात्री सेवाओं में भी समयपालन बनाए रखा. मंडल के अनुसार, दिनभर संचालित 134 मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में 95 प्रतिशत ट्रेनें समय पर चलीं.
रेल मंडल ने इसे माल परिचालन और यात्री ट्रेनों के समयपालन के बीच बेहतर परिचालन समन्वय का उदाहरण बताया है.
यह भी पढ़ें
बिहार के सरकारी कर्मचारियों का बड़ा सम्मेलन, OPS-NPS समेत 5 मांगों पर आंदोलन की बनेगी रणनीति
