Samastipur: ताजपुर में दिनदहाड़े मैकेनिक की गोली मारकर हत्या, गैरेज में घुसकर बरसाईं गोलियां

समस्तीपुर के ताजपुर में बाइक गैरेज संचालक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-28 जाम कर प्रदर्शन किया. पढ़ें पूरी खबर…

Samastipur Crime News: जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बाइक मैकेनिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना गांधी चौक-बसहीभिंडी रोड स्थित संजीत बाइक गैरेज में हुई, जहां बाइक सवार तीन अपराधियों ने गैरेज संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.

मृतक की पहचान चक मोतीपुर वार्ड-27 निवासी देवकी सहनी के 28 वर्षीय पुत्र संजीव सहनी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई.

गैरेज में घुसकर मारी चार गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजीव सहनी अपने गैरेज में बाइक ठीक कर रहा था. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उस पर चार राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगते ही संजीव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

स्थानीय लोग उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

हत्या के बाद NH-28 जाम

घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को एनएच-28 पर रखकर सड़क जाम कर दिया. लोग अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.

जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और भीषण गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

मोबाइल पर मिल रही थी धमकी

स्थानीय लोगों ने बताया कि संजीव को पिछले कुछ दिनों से मोबाइल पर धमकियां मिल रही थीं. हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. ताजपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने हाल ही में दोबारा थाना का प्रभार संभाला था.

20 हजार की सहायता के बाद खुला जाम

बीडीओ की अनुपस्थिति में चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष चौधरी ने पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये का चेक दिया. इसके बावजूद परिजन वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे.

बाद में मुखिया राजीव ठाकुर, वार्ड पार्षद अशोक राय, अजय दास और टुनटुन सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयास से सड़क जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >