समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत ताजपुर थाना क्षेत्र की मोरवा दक्षिणी पंचायत के मोहनपुर गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ घरेलू कलह के कारण एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान मोहनपुर निवासी छोटू उर्फ रामचंद्र की पत्नी ज्योति कुमारी के रूप में की गई है. दिनदहाड़े हुई इस हत्या की वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस ने तुरंत पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया.
एक साल पहले हुई थी शादी
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से पूर्णिया जिले की रहने वाली ज्योति कुमारी की शादी करीब एक साल पहले एक रिश्तेदार के माध्यम से मोहनपुर निवासी छोटू उर्फ रामचंद्र से कराई गई थी. शादी के बाद से ही घर की हालत बेहद खराब चल रही थी. छोटू पेशे से ड्राइवर था और किसी तरह गाड़ी चलाकर परिवार का गुजारा करता था. घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर नोकझोंक और घरेलू कलह की स्थिति बनी रहती थी.
हत्या के बाद ससुराल वाले फरार
पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार की दोपहर को खाना खाने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद उग्र हो गया और उनके घर में जमकर मारपीट हुई थी. इसके कुछ ही देर बाद ज्योति का शव घर के भीतर संदिग्ध अवस्था में पाया गया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति छोटू और उसके घर के अन्य सभी सदस्य मौके से फरार बताए जा रहे हैं. घटना की भनक लगते ही मृतका के एक स्थानीय रिश्तेदार ने तुरंत इसकी लिखित और मौखिक जानकारी ताजपुर थाना पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची ताजपुर पुलिस
घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद ताजपुर थाने की पुलिस टीम दल-बल के साथ मोहनपुर गांव पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
थानाध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू हिंसा और मारपीट के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है. मृतका के मायके वालों को पूर्णिया सूचना दे दी गई है. पुलिस ने फरार पति और उसके परिजनों की गिरफ्तारी के लिए उनके सभी संभावित ठिकानों पर कड़क छापेमारी शुरू कर दी है
