समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर इंजन फेल, तीन घंटे बीच ट्रैक पर फंसी सवारी ट्रेन

Samastipur News: समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर सहरसा-समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल होने से ट्रेन करीब तीन घंटे तक बीच ट्रैक पर खड़ी रही. राहत इंजन पहुंचने के बाद शाम 5:10 बजे परिचालन बहाल हुआ.

Samastipur News: समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर सोमवार को सहरसा से समस्तीपुर जा रही गाड़ी संख्या 75287 पैसेंजर ट्रेन का इंजन अचानक फेल हो गया. हसनपुर रोड जंक्शन और बरेपुरा हाल्ट के बीच इंजन खराब होने से ट्रेन करीब तीन घंटे तक बीच ट्रैक पर खड़ी रही. इससे ट्रेन में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

दोपहर 2:24 बजे फेल हुआ इंजन

जानकारी के अनुसार ट्रेन 41/15 किलोमीटर के समीप दोपहर 2:24 बजे अचानक रुक गई. चालक और रेलकर्मियों ने इंजन को दोबारा चालू करने का प्रयास किया, लेकिन लोड मीटर में तकनीकी खराबी आने के कारण इंजन चालू नहीं हो सका. इसके बाद कंट्रोल को सूचना देकर राहत इंजन भेजने का अनुरोध किया गया.

तीन घंटे तक परेशान रहे यात्री

ट्रेन में सवार यात्रियों में रोसड़ा और समस्तीपुर जाने वाले लोगों के साथ लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने वाले यात्री भी शामिल थे. कई यात्री बार-बार गार्ड और चालक से ट्रेन खुलने की जानकारी लेते रहे. बीच ट्रैक पर ट्रेन खड़ी रहने से यात्रियों में बेचैनी और नाराजगी देखी गई.

राहत इंजन पहुंचने के बाद बहाल हुआ परिचालन

हसनपुर रोड जंक्शन के स्टेशन मास्टर चंद्रकांत वर्मा ने बताया कि राहत इंजन पहुंचने के बाद ट्रेन को शाम 5:10 बजे समस्तीपुर के लिए रवाना किया गया. इसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका.

यात्रियों ने उठाए रखरखाव पर सवाल

यात्रियों ने कहा कि ट्रेनों को रवाना करने से पहले उनकी तकनीकी जांच पूरी तरह होनी चाहिए, ताकि बीच रास्ते इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने रेलवे से इंजन और अन्य तकनीकी उपकरणों के नियमित रखरखाव की मांग की.

  

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ankur kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >