समस्तीपुर के मोरवा से मनोज वर्मा की रिपोर्ट
Samastipur News: मोरवा हलई थाना क्षेत्र की मरीचा पंचायत स्थित बुनियादी विद्यालय में चोरों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाया है.यहां एक साल के भीतर चौथी बार चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है.इस बार चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर सबमर्सिबल पंप समेत कई अन्य कीमती सामान चुरा लिए हैं.लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
पुलिस की सुस्ती से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी स्कूल में तीन बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं.हर बार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.पुलिस की इसी सुस्ती के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं.स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शाम ढलते ही विद्यालय परिसर में जुआरियों और शराबी तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है.रात्रि के समय यहां वेश्यावृत्ति जैसे अनैतिक कार्य भी होते हैं.
सरपंच ने किया निरीक्षण, कार्रवाई की मांग
लोगों को आशंका है कि इन चोरियों में परिसर में जुआ खेलने वाले स्थानीय युवकों का ही हाथ हो सकता है, जो रात भर यहां डेरा जमाए रहते हैं.घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय सरपंच ओम प्रकाश राय ने विद्यालय पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया.उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गश्त बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ अविलंब सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
