समस्तीपुर: जाम से मिलेगी मुक्ति, दोहरी रेल लाइन और ROB पर हुई बात

समस्तीपुर और खगड़िया के बीच दोहरी रेल लाइन और गुमटी संख्याओं 16 व 17 पर आरओबी निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर रेल अधिकारियों के साथ शिष्टमंडल की अहम बैठक हुई. इस वार्ता से क्षेत्र की रेल सुविधाओं में सुधार की नई उम्मीद जगी है.

रेल न्यूज: क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल संबंधी मांगों को लेकर एक शिष्टमंडल ने मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर ज्योति प्रकाश मिश्र से मुलाकात की. सोमवार को शाम चार बजे हुई इस वार्ता में समस्तीपुर-खगड़िया वाया हसनपुर दोहरी रेल पथ, गुमटी संख्या 16 और 17 पर आरओबी निर्माण सहित कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. वार्ता के बाद क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है.

दोहरी रेल लाइन के मुद्दे पर हुई विशेष चर्चा

शिष्टमंडल में प्रो. मो. उमर, नंद कुमार ठाकुर और रमेश गामी शामिल थे. वार्ता के दौरान समस्तीपुर से खगड़िया वाया हसनपुर दोहरी रेल पथ के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यदि यह महत्वपूर्ण योजना कार्यान्वित होती है, तो क्षेत्र की कई अन्य रेल संबंधी मांगें भी इसी परियोजना के तहत स्वतः समाहित हो सकती हैं.

तत्कालीन रेल मंत्री को भेजी अनुशंसा

शिष्टमंडल ने रेल मंत्रालय स्तर पर लंबित प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया. सदस्यों ने बताया कि पूर्व सांसद प्रिंस राज ने 16 अगस्त 2022 को तत्कालीन रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष इस दोहरी रेल पथ के लिए अनुशंसा भेजी थी. फिलहाल प्रस्ताव रेल मंत्रालय स्तर पर विचाराधीन है.

गुमटी संख्या 17 पर ROB निर्माण की प्रक्रिया जारी

वार्ता में गांधी चौक स्थित गुमटी संख्या 17 पर ऊपरी रेल पुल (आरओबी) निर्माण की स्थिति की भी जानकारी ली गई. मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि इसके निर्माण को लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया जारी है.

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पूरब दिशा में स्थित गुमटी संख्या 16 पर भी आरओबी निर्माण की दिशा में कार्रवाई चल रही है. दोनों स्थानों पर आरओबी बनने से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

रेल मंत्रालय में लंबित प्रस्ताव में तेजी की मांग

शिष्टमंडल ने क्षेत्र की अन्य रेल समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक पहल करने का आग्रह किया. सदस्यों ने कहा कि दोहरी रेल लाइन और दोनों आरओबी की योजनाओं को जल्द गति मिलने से रोसड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी.

DRM ने भेंट कीं गोदान और कफन की प्रतियां

वार्ता के दौरान मंडल रेल प्रबंधक के सकारात्मक रुख से शिष्टमंडल के सदस्य संतुष्ट नजर आए. बैठक के अंत में DRM ने शिष्टमंडल के सदस्यों को भगवद्गीता तथा प्रेमचंद की प्रसिद्ध कृतियां ‘गोदान’ और ‘कफन’ भेंट कीं. वहीं शिष्टमंडल की ओर से प्रो. विनोद कुमार तिवारी द्वारा लिखित ‘रोसड़ा का इतिहास’ पुस्तक उन्हें सम्मान स्वरूप दी गई.

यह भी पढे़ं: ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को लेकर बवाल, KSR कॉलेज बचाने के लिए करीब 70KM की पदयात्रा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >