Samastipur Accident: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय से सटे रसीदपुर स्थित एनएच-28 पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हनुमान मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
हादसे में दो युवकों की गई जान
मृतकों की पहचान दलसिंहसराय के पगड़ा निवासी पप्पू राय के 30 वर्षीय पुत्र विरजू कुमार और महनैया निवासी शंकर झा के 22 वर्षीय पुत्र भोला झा के रूप में हुई है. वहीं घायलों में महनौया निवासी उमेश साह की 20 वर्षीय पुत्री जुली कुमारी और पगड़ा निवासी उदगार राय के 32 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार शामिल हैं. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
अलग-अलग काम से निकले थे सभी
स्थानीय लोगों के अनुसार, विरजू कुमार और गौतम कुमार गांव के एक बुजुर्ग के निधन के बाद झमटिया मंजिल जा रहे थे. वहीं भोला झा और जुली कुमारी आरबी कॉलेज की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रसीदपुर के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों बाइक तेज गति में थीं और बीच सड़क पर आमने-सामने भिड़ गईं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बछवाड़ा और दलसिंहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. भोला झा के शव को बछवाड़ा पुलिस ने कब्जे में लिया, जबकि विरजू कुमार के शव को दलसिंहसराय पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
यह भी पढे़ं:जीएमआरडी कॉलेज में रेड रन मैराथन, एचआईवी-एड्स जागरूकता का दिया गया संदेश
