समस्तीपुर: पूसा के वैनी थाना क्षेत्र की ठहरा पंचायत स्थित गोपालपुर चौक पर ट्रक की चपेट में आने से 15 वर्षीय बालक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान ठहरा पंचायत के वार्ड संख्या 8 के वार्ड सदस्य रंजीत दास के 15 वर्षीय पुत्र सुधीर कुमार के रूप में हुई है. वह उच्च विद्यालय गोपालपुर में कक्षा नौवीं का छात्र था.
पहले बाइक ने मारी ठोकर, फिर ट्रक ने कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुधीर घर से निकलकर घरेलू कार्य से गोपालपुर चौक स्थित दुकान की ओर आ रहा था. इसी दौरान एक बाइक ने उसे ठोकर मार दी और बाइक सवार वहां से भाग गया.
बाइक की तेज टक्कर से सुधीर सड़क पर गिर गया. इसी बीच तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया. हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गयी.
घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी और ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया. सूचना मिलने पर वैनी थाना प्रभारी कल्पना कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला.
शव आने के इंतजार में सड़क जाम
घटना के बाद वैनी-पूसा-बिरौली मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों ने जाम कर दिया. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम था. परिजन और ग्रामीण अस्पताल से शव आने का इंतजार कर रहे थे.
घटनास्थल पर सीओ वागीशा प्रियदर्शी सहित अन्य पदाधिकारी भी पहुंचे. अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे थे.
यह भी पढ़ें
NH-28 पर कॉस्मेटिक सामान से लदे कंटेनर में भीषण आग, चालक-खलासी ने कूदकर बचायी जान
