समस्तीपुर: सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित श्री राम जानकी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में एमबीबीएस नामांकन और कागजात सत्यापन की प्रक्रिया जारी है. महाविद्यालय को एमबीबीएस नामांकन के लिए 50 सीटें आवंटित की गयी हैं. इनमें 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे और 15 प्रतिशत सीटें केंद्रीय कोटे की हैं.
द्वितीय चरण में ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन चल रहा है. इसके बाद मूल कागजात के सत्यापन के साथ 18 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गयी है.
50 सीटों पर होगा एमबीबीएस नामांकन
महाविद्यालय में एमबीबीएस की कुल 50 सीटें हैं. इनमें राज्य कोटे के तहत 85 प्रतिशत और केंद्रीय कोटे के तहत 15 प्रतिशत सीटों पर नामांकन होगा. फिलहाल ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है.
मूल कागजातों के सत्यापन के बाद 18 सितंबर से छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गयी है. नामांकन के बाद पढ़ाई शुरू कराने को लेकर महाविद्यालय प्रशासन तैयारी में जुटा है.
366 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति को मंजूरी
इधर, स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के पांच राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में नियमित नियुक्ति होने तक संविदा के आधार पर सहायक प्राध्यापकों के कुल 366 रिक्त पदों पर नियोजन की स्वीकृति प्रदान की है. इसमें श्री राम जानकी चिकित्सा महाविद्यालय, समस्तीपुर भी शामिल है.
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) एसके कर्ण ने बताया कि अगले पांच से सात दिनों में करीब 50 से 60 नये प्राध्यापक एवं विशेषज्ञ चिकित्सक संस्थान में योगदान देंगे. इससे कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी.
हॉस्टल और कैंटीन की भी हो रही तैयारी
प्राचार्य ने बताया कि नामांकन के बाद छात्रों की पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी चल रही है. छात्रों के लिए कॉलेज परिसर में हॉस्टल और कैंटीन की व्यवस्था भी की जा रही है.
यह भी पढ़ें
खाद की बिक्री के मोबाइल ऐप सिस्टम के खिलाफ प्रदर्शन, 5 मांगों को लेकर समाहरणालय पहुंचे किसान
