कस्तूरबा विद्यालयों में सांप-बिच्छू के खतरे पर अलर्ट, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

समस्तीपुर जिले के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है. हॉस्टल और विद्यालय परिसर में सांप, बिच्छू जैसे विषैले जीवों से बचाव के लिए विशेष सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं.

Samastipur News: वर्षा ऋतु की शुरुआत के साथ समस्तीपुर जिले के सभी 25 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है. हॉस्टल और विद्यालय परिसर में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीव निकलने की शिकायतों के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शुभम कसौधन ने सभी संचालकों, वार्डन और प्रभारी वार्डन को तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने का निर्देश दिया है.

झाड़ियों की कटाई और जलनिकासी के निर्देश

जारी आदेश के अनुसार सभी विद्यालय परिसरों में उगी झाड़ियों और खर-पतवार की प्रतिदिन सफाई कराई जाएगी ताकि विषैले जीवों को छिपने का स्थान न मिले. साथ ही परिसर में जलजमाव नहीं होने देने और पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

छात्राओं की सुरक्षा के लिए जाली लगाना अनिवार्य

विभाग ने छात्रावास और विद्यालय भवन की सभी खिड़कियों, रोशनदानों और खुले स्थानों पर मजबूत लोहे की जाली लगाने का आदेश दिया है. जहां जालियां क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल बदलने को कहा गया है, ताकि कोई भी विषैला जीव हॉस्टल या कक्षाओं में प्रवेश न कर सके.

रोजाना सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव

हॉस्टल के कमरे, रसोईघर, शौचालय, स्नानघर और स्टोर रूम की प्रतिदिन सफाई करने के साथ वहां नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का निर्देश दिया गया है. निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यालयों में सामान अव्यवस्थित मिलने पर जिला प्रशासन ने नाराजगी भी जताई है.

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

डीपीओ शुभम कसौधन ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. यदि निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित वार्डन और जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: सौर ऊर्जा क्रांति में समस्तीपुर आगे, 10,631 ग्रामीण परिवारों के घर लगेंगे रूफटॉप सोलर सिस्टम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prakash kumar

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >