Samastipur Railway News: पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में रेलवे अवसंरचना को मजबूत करने और यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न इंजीनियरिंग कार्य किए जा रहे हैं. इसी क्रम में 4 अगस्त को ककरघट्टी यार्ड में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा. इसके लिए ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.
ककरघट्टी यार्ड में चार घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक
रेलवे के अनुसार, 4 अगस्त (मंगलवार) को ककरघट्टी यार्ड की लाइन संख्या 1, 2, 3 एवं 4 पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर लॉन्चिंग के लिए सुबह 11:20 बजे से दोपहर 3:15 बजे तक (3 घंटे 55 मिनट) ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा. यह ब्लॉक ट्रेन संख्या 13212 के गुजरने के बाद प्रभावी होगा.
रेल प्रशासन ने बताया कि इससे पहले 28 जुलाई 2026 को शिशो यार्ड की लाइन संख्या 1, 2, 3 और 4 पर फुट ओवर ब्रिज गर्डर की लॉन्चिंग सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है.
ये ट्रेनें विलंब से चलेंगी
ब्लॉक के कारण निम्नलिखित ट्रेनों का समय बदला गया है—
- 13225 जयनगर–आरा एक्सप्रेस : जयनगर से 120 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी।
- 13226 आरा–जयनगर एक्सप्रेस : आरा से 120 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी।
- 63377 लहेरियासराय–सहरसा मेमू पैसेंजर : लहेरियासराय से 90 मिनट विलंब से प्रस्थान करेगी।
इन ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित रहेगा
- 15553 भागलपुर–जयनगर एक्सप्रेस : समस्तीपुर जंक्शन और दरभंगा जंक्शन के बीच 45 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
- 11062 जयनगर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस : जयनगर–तारसराय रेलखंड के बीच 50 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
यात्रियों को मिलेंगे बेहतर रेल सुविधाओं के लाभ
रेल प्रशासन के अनुसार, कार्य पूरा होने के बाद शिशो और ककरघट्टी स्टेशनों पर यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक फुट ओवर ब्रिज की सुविधा मिलेगी. इससे प्लेटफॉर्म बदलने में लगने वाला समय कम होगा, भीड़भाड़ घटेगी, परिचालन क्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों के समय पालन में भी सुधार होगा.
पूर्व मध्य रेल के जनसंपर्क अधिकारी आर.के. सिंह ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे के अधिकृत माध्यमों या हेल्पलाइन 139 से प्राप्त करने की अपील की है.
